भिवानी, 24 अप्रैल- कुछ महिलाओं द्वारा घरों में तैयार की गई रोटियों से शुरू हुई हर घर देगा रोटी मुहिम से महिलाओं का कारवां जुडऩे लगा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन और विकास नगर कॉलोनी वासियों की मुहिम से कई अन्य क्षेत्रों की महिलाओं ने भी घरों से तैयार की गई रोटियां भेंट की। शुक्रवार को टीम सदस्यों ने शहर के अलग अलग हिस्सों से करीब 1300 रोटियां व सब्जी जिला रेडक्रॉस की रोटी बैंक में जमा कराई।
जिला रेडक्रॉस सचिव श्यामसुंदर ने बताया कि जिला रेडक्रॉस मुख्यालय में लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों के लिए रोटी बैंक की स्थापना की हुई है। रोटी बैंक में कई जनसंगठन और वालंटियर्स रोटियां लेकर आते हैं। जिन्हें जरूरतमंदों तक पहुुंंचाया जा रहा है। विकास नगर कॉलोनी वासी अनिल सांगवान ने बताया कि रोजाना शाम चार बजे विकास नगर कॉलोनी सहित अन्य हिस्सों से वालंटियर्स रोटियां एकत्रित कर रेडक्रॉस भवन पहुंचते हैं। सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि हर घर देगा रोटी मुहित के साथ महिलाओं का कारवां बढ़ रहा है। इसलिए वालंटियर्स भी अब ज्यादा रोटियां रेडक्रॉस रोटी बैंक तक पहुंचा रहे हैं। स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार ने बताया कि पका हुआ भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचे, इससे बड़ा कोई पुनीत कार्य नहीं है। महिलाएं लॉकडाउन मेें घर बैठे भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आ रही हैं, यह भी बहुत ही सराहनीय कदम है। इस मुहिम में अनिल सांगवान, सुरेंद्र अग्रवाल, अमर सोनी, विजय कुमार, किशनलाल, रमेश, हिमांशु परमार, अनंत अग्रवाल की टीम रोजाना ही अलग अलग क्षेत्रों से रोटियां एकत्रित कर रोटी बैंक में जमा करा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment